शुक्रवार, 1 जनवरी 2010

टिमरनी अर्थात तिमिर हरणी

' टिमरनी ' , मध्य प्रदेश का ग्रामीण परम्पराओँ और शहरी मानसिकता वाला एक छोटा सा नगर । आबादी लगभग बीस हजार । देश के हजारोँ ऐसे ही नगरोँ से कई मामलोँ मेँ अलग और अनूठा है टिमरनी नगर । इस ब्लॉग मेँ टिमरनी के भूत , वर्तमान और सम्भव हुआ तो भविष्य की भी चर्चा होगी । इसके ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व , इसकी परम्परा , संस्कृति , विरासत और राजनीति को भी समझने की कोशिश की जाएगी । इसके चाल , चरित्र और चेहरे को पढ़ने का प्रयास भी होगा । यहाँ की किँवदन्तियोँ , हस्तियोँ और प्रमुख घटनाओँ का उल्लेख भी यहाँ क्रमश: करने का प्रयत्न होगा । इसके अलावा टिमरनी के बारे मेँ जो कुछ भी लिखने योग्य होगा वो सब आपको यहाँ पढ़ने को मिल सकता है । इस बारे मेँ आपके बहुमूल्य सुझावोँ का हमेशा स्वागत होगा । बस आप इसे पढ़ते रहिये । मुझे विश्वास है कि टिमरनी के बारे मेँ रुचि रखने वाले लोग जरूर इस उपक्रम को पसंद करेँगे ।
तो आइये ! आरम्भ करते हैँ इस नगर के नाम से । टिमरनी के बारे मेँ कहा जाता है कि यह देववाणी संस्कृत के शब्द ' तिमिर ' और ' हरणी ' को मिलाकर बने ' तिमिरहरणी ' शब्द का ही तद्भव रूप है जिसका अर्थ होता है अंधकार को हरने वाला । ' टिमरनी ' नाम के बारे मेँ प्रचलित मान्यताओँ मेँ यही सर्वाधिक उचित भी जान पड़ती है क्योँकि प्राचीनकाल मेँ अनेक उद्भट और मूर्धन्य विद्वान यहाँ निवास किया करते थे जो ज्ञान मेँ काशी के पण्डितोँ से भी शास्त्रार्थ करने की योग्यता रखते थे । यही कारण था कि टिमरनी को ' छोटी काशी ' की संज्ञा से भी विभूषित किया जाता था । टिमरनी के ये सभी विद्वान अपने धर्म , कर्म और वाणी से यहाँ के लोगोँ मेँ व्याप्त अज्ञान रूपी अंधकार को दूर करने का श्रेष्ठ कार्य किया करते थे । उनके इन्हीँ कार्योँ के फलस्वरूप इस स्थान को ' तिमिर हरणी ' कहा जाने लगा जो बाद मेँ ' टिमरनी ' हो गया । ऐसा कहते हैँ कि एक बार पड़ोस के निमाड़ क्षेत्र के किसी गाँव मेँ यज्ञ का आयोजन हुआ । पण्डितोँ की स्वाभाविक ईर्ष्या के चलते उस यज्ञ मेँ टिमरनी के किसी भी पण्डित को न तो आमंत्रित किया गया और न ही यज्ञ के सम्बन्ध मेँ उनसे कोई सलाह ली गई । लेकिन सहज श्रद्धा के कारण यहाँ के कुछ पण्डित उस यज्ञ मेँ दर्शनार्थ पहुँच गये । वहाँ पहुँचकर उन्हेँ यह अनुभव हुआ कि यज्ञ स्थल का चयन करने मेँ कुछ भूल हुई है । किसी अनिष्ट या अनहोनी को टालने के लिए उन्होँने आयोजकोँ से पूछा कि क्या यज्ञ के पूर्व यज्ञस्थल का भूमिशोधन किया गया था ? उन्हेँ उत्तर मिला कि इसकी क्या आवश्यकता है ? तब टिमरनी के पण्डितोँ ने कहा कि यदि यज्ञभूमि अशुद्ध हुई तो यज्ञ का अभीष्ट सिद्ध नहीँ हो पाएगा । जब कुछ लोगोँ को इन पण्डितोँ की बात ठीक लगी तो यज्ञस्थल की खुदाई की गई । उस समय वहाँ उपस्थित लोगोँ के आश्चर्य का ठिकाना नहीँ रहा जब वहाँ खुदाई मेँ ऊँट की हड्डियोँ का एक ढाँचा निकला । तब सभी लोग इन पण्डितोँ की विद्वता का लोहा मान गये ।
एक दूसरी घटना इस प्रकार बताई जाती है कि यहाँ के एक विद्वान पण्डित से किसी ने पूछा कि आज कौन सी तिथि है ? उस दिन अमावस्या थी लेकिन भूलवश उनके मुँह से निकल गया कि आज पूर्णिमा है । इस पर पूछने वाले ने उनकी विद्वता की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि आप कैसे पण्डित हो ? आज तो अमावस्या है और आप पूर्णिमा बता रहे हो । पण्डितजी को अपनी भूल का अहसास तो हो गया लेकिन तीर तरकश से निकल चुका था । उस व्यक्ति ने इस बात को लेकर नगर मेँ पण्डितजी की योग्यता पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए दुष्प्रचार कर दिया । पण्डितजी इससे बहुत आहत हुए । अन्तत: उन्होँने यह घोषणा कर दी कि जब उनके मुँह से निकला है कि आज पूर्णिमा है तो फिर आज सभी को पूर्णिमा के चाँद के दर्शन अवश्य ही होँगे । इसके बाद सायंकाल पण्डितजी ने एक काँसे की चमचमाती हुई बड़ी सी थाली मेँ चन्दन से कोई सिद्ध मंत्र लिखा और उस थाली को आकाश मेँ पूर्व दिशा की ओर जोर से उछाल दिया । थाली घनघनाती हुई आकाश की ओर चली गई । उस शाम टिमरनी के लोगोँ ने आकाश मेँ अद्भुत दृश्य देखा । अमावस्या होने के बाद भी आकाश पूर्णिमा के चाँद से आलोकित हो रहा था , टिमरनी का हर आँगन और गली - कूचा स्वच्छ , निर्मल और दूधिया चाँदनी मेँ नहा रहा था । एक पण्डित ने अपने मुँह से भूलवश निकले वचनोँ को सत्य सिद्ध करते हुए अमावस्या के तिमिर का हरण कर लिया था इसीलिए इस नगर को ' तिमिर - हरणी ' कहा गया ।
टिमरनी के नाम को लेकर एक अन्य धारणा यह भी है टिमरनी के निकट के जंगलोँ मेँ उच्चकोटि की सागौन की इमारती लकड़ी बहुतायत से पाई जाती है । ' टिम्बर ' अर्थात लकड़ी और ' नियर ' अर्थात पास मेँ । इस प्रकार अँग्रेजोँ के द्वारा ' टिम्बर - नियर ' कहने के कारण कालान्तर मेँ इस नगर को टिम्बरनियर के उच्चारण की सुविधा के कारण स्थानीय लोग टिमरनी कहने लगे । लेकिन यह धारणा अँग्रेजी काल से जुड़ी होने के कारण कुछ अर्वाचीन लगती है जबकि इस नगर का अस्तित्व अँग्रेजी काल से बहुत पुराना है । इस कारण टिमरनी के नाम को लेकर तिमिर हरणी वाली धारणा अधिक उपयुक्त और तर्कसंगत मालूम होती है । टिमरनी की मिट्टी , हवा और पानी मेँ ही कुछ ऐसी विशेषता है कि यहाँ के लोगोँ का ' आई क्यू ' इसी स्तर के अन्य नगरोँ के लोगोँ की तुलना मेँ अधिक होता है । शायद यह टिमरनी के उन्हीँ प्राचीन पण्डितोँ की तपस्या का ही सुफल है जिनके तपोबल से यहाँ का वायुमण्डल अब तक प्रभावी जान पड़ता है ।

..... क्रमश:

सोमवार, 14 दिसंबर 2009

राज्योँ का पुनर्गठन

विकास और प्रशासनिक दृष्टि से छोटे राज्योँ की परिकल्पना को गलत नहीँ कहा जा सकता लेकिन इसके लिए जरूरत है ईमानदार प्रयत्नोँ की जिनका हमारे देश मेँ नि:तान्त अभाव है । वर्तमान मेँ उठाई जा रही कुछ छोटे राज्योँ की माँग के पीछे विकास की भावना कम और राजनीतिक स्वार्थ अधिक है । राष्ट्रीय अखण्डता की दृष्टि से यदि देखा जाए तो भाषावार प्रान्तोँ की रचना उचित नहीँ है । प्रशासनिक सुविधा के लिए पूरे देश को भौगोलिक आधार पर छोटी - छोटी इकाईयोँ मेँ बाँटा जाना अधिक उपयुक्त और लाभकारी सिद्ध हो सकता था लेकिन तत्कालीन नेतृत्व की अदूरदर्शिता , राष्ट्रीय सोच का अभाव और स्वार्थपूर्ति के चलते यह संभव नहीँ हो सका और परिणामस्वरूप नये राज्योँ की माँग का एक अन्तहीन सिलसिला उसी समय से शुरू हो गया । राज्योँ के रूप मेँ ये छोटी इकाईयाँ भारत जैसे गरीब और विकासशील देश के लिए सफेद हाथी ही सिद्ध होँगे विकास तो दूर की बात है । और अन्तत: इनका आर्थिक बोझ महँगाई और भ्रष्टाचार के बोझ तले दब रही असहाय जनता पर ही पड़ेगा । तेलंगाना अब काँग्रेस और सरकार दोनोँ के लिए गले की हड्डी बन गया है । सबको सन्मति दे भगवान ।
- रमेश दीक्षित , टिमरनी

सोमवार, 30 नवंबर 2009

चीन को सबक सिखाओ

हम यह किस तरह यकीन करेँ कि भारत एक सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न राष्ट्र है ? आए दिन चीन हमारे आन्तरिक मामलोँ मेँ हस्तक्षेप करता रहता है और हम शुतुरमुर्ग की तरह रेत मेँ अपनी गर्दन गड़ाकर चुपचाप मामले के ठण्डा होने की राह देखते रहते हैँ । आज तो चीन के सैनिकोँ ने उस समय हद कर दी जब लद्दाख मेँ नरेगा के तहत चल रहे कार्य को उन्होँने बलात रुकवा दिया । और आश्चर्य है कि हमने भी चुपचाप काम को रुक जाने दिया । कोई विरोध नहीँ । इसके पहले भी लद्दाख की सीमा का हवाई और जमीनी अतिक्रमण हम चुपचाप सह गए । अरुणाचल प्रदेश पर उसके बेजा दावे को हम बातचीत के जरिए सुलझाने की बात करते हैँ । यह तो प्रकारान्तर से चीन के दावे को स्वीकार करने जैसा है । प्रधान मंत्री मनमोहनसिँह और दलाई लामा की अरुणाचल प्रदेश यात्रा पर चीन की आपत्ति का लिजलिजी भाषा मेँ विरोध करके हमारी सरकार ने अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ ली । लातोँ के भूत बातोँ से मानने वाले नहीँ हैँ । पर हमेँ लात मारना आता कहाँ है ? अन्तर्राष्ट्रीय और विवादित मामलोँ पर हमारे नेताओँ की भाषा से कभी भी यह आभास नहीँ होता कि हम एक परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्र हैँ । जवाहरलाल नेहरु ने अपनी अन्तर्राष्ट्रीय छवि बनाने के लिए चीन की समूहवादी सरकार को सबसे पहले मान्यता देकर पहली और बहुत बड़ी भूल की थी । पञ्चशील समझौता दूसरी बड़ी भूल थी । हिन्दी चीनी , भाई - भाई का थोथा नारा लगाकर हमारी पीठ मेँ छुरा भोँकने वाले चीन की नीयत को यदि हम अब भी नहीँ समझ पाए तो यह खतरा आगे और भी खतरनाक सूरत अख्तियार करने वाला है । हमने तिब्बत को चीन का हिस्सा स्वीकार करके तीसरी बड़ी भूल की । कैलाश मानसरोवर पर उसके जबरन कब्जे पर भी हम खामोश हैँ । हमारे स्वाभिमानशून्य नेतृत्व के चलते हमने केवल खोया ही है , पाया कुछ भी नहीँ । अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार मेँ रक्षा मंत्री रहे जार्ज फर्नाण्डीस ने एक बार बहुत जिम्मेदारी भरा बयान लोकसभा मेँ देते हुए कहा था कि हमारा सबसे बड़ा शत्रु चीन है । तब निर्लज्ज वामपंथियोँ ने बड़ी हाय तौबा मचाई थी लेकिन जार्ज की सोच कितनी सही थी यह आज सिद्ध हो रहा है । हमारी क्लैव सरकार से भला हम क्या उम्मीद रखेँ जिसमेँ न तो इच्छाशक्ति दिखाई देती है और न ही क्षमता ।

बुधवार, 21 अक्टूबर 2009

क्या खोया पाया

बड़े ही प्यार से हमने सभी को समझाया ।
अमन का फ़लसफ़ा लेकिन उन्हेँ नहीँ भाया ।
ये सियासत है एक कोठरी काजल वाली ,
कौन बेदाग़ निकलकर भला बाहर आया ।
जमीन बेचकर खाई हैँ रोटियाँ हमने ,
ज़मीर बेचकर हलवा कभी नहीँ खाया ।
कोई सूरज , सुना है रोशनी लुटाता है ,
हमारी तीरग़ी मेँ आज तक नहीँ आया ।
मैँ तो आकाश मेँ उड़ता हुआ परिन्दा हूँ ,
क़फ़स हाथोँ मेँ लिए कौन मेरे घर आया ।
शाम ढलने को है आओ ज़रा हिसाब करेँ ,
क्या किया , क्या न किया और क्या खोया - पाया ।

रविवार, 18 अक्टूबर 2009

होता है

रस्ते मेँ पत्थर होता है ।
पाँव खून से तर होता है ।
आला अफ़सर घर होते हैँ ,
घर मेँ ही दफ़्तर होता है ।
चोर भले ही कोई भी हो ,
शक़ तो नौकर पर होता है ।
जिसे समझते घटिया वो ही,
अच्छोँ से बेहतर होता है ।
दान , धर्म मेँ सबसे आगे ,
डाकू या तस्कर होता है ।
रबड़ी और दूध से ज़्यादा ,
कुर्सी मेँ पावर होता है ।
घर मेँ नहीँ सुरक्षित हैँ हम ,
बाहर भी तो डर होता है ।

शनिवार, 17 अक्टूबर 2009

ज़माने लगेँगे

वतन की जो हालत
बताने लगेँगे ।
तो पत्थर भी आँसू
बहाने लगेँगे ।
कहीँ भीड़ मेँ
खो गई आदमीयत ,
उसे ढूँढने मेँ
ज़माने लगेँगे ।
अंधोँ के कंधोँ पे
बैठेँगे लँगड़े ,
किसी दिन तो चलकर
ठिकाने लगेँगे ।
अग़र हमने पहचानी
वोटोँ की क़ीमत ,
सभी अपने वादे
निभाने लगेँगे ।
ग़ज़ल मेँ अग़र जान
डाली है तूने ,
सभी लोग फिर
गुनगुनाने लगेँगे ।
[ यह ग़ज़ल मैँने कोई 30 साल पहले कही थी तब मैँ ग्वालियर मेँ था । कुछ गोष्ठियोँ मेँ मैँने इसे पढ़ा भी था । लगभग डेढ़ या दो वर्ष पहले दूरदर्शन पर एक गोष्ठी मेँ एक कवि ( नाम याद नहीँ आ रहा ) ने इस ग़ज़ल का मतला और पहला शेर बड़ी शान से सुना दिया । इस गोष्ठी का संचालन श्री सुरेश ' नीरव ' ( कादम्बिनी ) कर रहे थे । मैँ एक छोटे गाँव मेँ रहता हूँ और तब मेरे पास अपनी बात कहने के लिए यह साधन नहीँ था । मैँ अपनी रचना की चोरी का आरोप उन कवि महोदय पर लगाकर किसी विवाद को जन्म देना नहीँ चाहता पर अपनी बात कहने का मुझे पूरा हक़ है । उनका ईमान उन्हेँ मुबारक़ । हो सकता है कि यह महज़ एक इत्तिफ़ाक़ हो । उनके और मेरे भाव एवं शब्द मेल खा गए होँ । ख़ैर , बाक़ी सब मैँ आप जैसे सुधीजनोँ पर छोड़ता हूँ । मुझे उनसे कोई शिक़ायत नहीँ । ]